*होली पर मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा: पश्चिम शरीरा व कुमियावा में छापेमारी, 26 नमूने जांच को भेजे*
कौशाम्बी
*होली पर मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा: पश्चिम शरीरा व कुमियावा में छापेमारी, 26 नमूने जांच को भेजे*


कौशाम्बी। होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर मंझनपुर तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने पश्चिम शरीरा और कुमियावा बाजार में व्यापक जांच अभियान चलाया।
नायब तहसीलदार मंझनपुर के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान पश्चिम शरीरा बाजार स्थित दयाराम स्वीट हाउस से खोया और गुझिया के नमूने लिए गए। निरीक्षण में विनिर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया।
इसी क्रम में पश्चिम शरीरा चौराहे पर स्थित जयराम स्वीट से भी खोया का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं कुमियावा बाजार के पप्पू किराना स्टोर पर जांच के दौरान बेसन का नमूना लिया गया। दुकान में रखे एक्सपायर मसालों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार एवं डॉ. भरत कुमार मिश्रा सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य अभियान में शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार अब तक कुल 26 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।