*कौशाम्बी में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान हादसा*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान हादसा*
कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे के वार्ड नंबर-7 में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह बिजली चोरी की जांच के लिए विजिलेंस टीम क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान टीम को आता देख युवक द्वारा बिजली का तार निकालने का प्रयास किए जाने की बात सामने आ रही है। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद विजिलेंस टीम मौके से चली गई। हालांकि, घटना के पूरे कारणों और हादसे के दौरान मौके पर मौजूद परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं।


