*इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शहीद-ए-आज़म की विरासत को नमन, छात्र-नौजवानों ने निकाला पैदल मार्च*
प्रयागराज
*इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शहीद-ए-आज़म की विरासत को नमन, छात्र-नौजवानों ने निकाला पैदल मार्च*

दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा के संयुक्त तत्वावधान में 26 फ़रवरी को अमर शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर इलाहाबाद में पैदल मार्च निकाला गया।
यह मार्च इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ भवन गेट से शुरू होकर चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क स्थित आज़ाद प्रतिमा तक पहुँचा। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान शामिल हुए।
आयोजकों ने बताया कि मार्च का उद्देश्य चन्द्रशेखर आज़ाद की क्रांतिकारी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों के बीच युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने “मेरा रंग दे बसंती चोला” और “शहीदों के लिए” जैसे क्रांतिकारी गीत गाए तथा लोगों के बीच पर्चे वितरित कर आज़ाद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के अंत में आज़ाद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके बलिदान को याद करते हुए युवाओं से संघर्ष और जनहित के मुद्दों पर संगठित होने का आह्वान किया गया।