*कौशांम्बी मंझनपुर निजी अस्पताल की लापरवाही ने छीनी दो जिंदगियां सीजर ऑपरेशन के दौरान महिला और नवजात की मौत*
कौशाम्बी
*कौशांम्बी मंझनपुर निजी अस्पताल की लापरवाही ने छीनी दो जिंदगियां सीजर ऑपरेशन के दौरान महिला और नवजात की मौत*

कौशाम्बी, मंझनपुर जिले के मंझनपुर स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ सीजर ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई।
घटना के अनुसार, सैनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सौरई खुर्द निवासी प्रदीप कुमार ने शनिवार शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल लाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि सामान्य डिलीवरी संभव नहीं है और सीजर ऑपरेशन करना आवश्यक है। इसके लिए अस्पताल ने 30 हजार रुपये की मांग की। परिजनों ने तुरंत पूरी राशि जमा कराई और डॉक्टरों से पत्नी की जान बचाने का अनुरोध किया।
लेकिन आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जबकि अस्पताल के डॉक्टर समय पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा पाए और न ही किसी उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर किया। इस लापरवाही के चलते पहले नवजात बच्चा और फिर प्रसूता महिला की मृत्यु हो गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के समय डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए, जिससे संदेह और भी बढ़ गया। स्थानीय लोग भी अस्पताल में जुट कर निजी स्वास्थ्य सेवाओं की मनमानी पर सवाल उठाने लगे।
परिवार ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल के संचालक, संबंधित डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका यह भी कहना है कि पिछले एक वर्ष में इसी अस्पताल में एक और संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह दर्दनाक घटना एक बार फिर निजी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को उजागर करती है। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस बार सख्ती दिखाएगा या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।