*कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स से मारपीट का आरोप, कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स से मारपीट का आरोप, कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार*
मंझनपुर। कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में अंगूठी चोरी का आरोप लगाकर आउटसोर्सिंग स्टाफ नर्स के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। स्टाफ नर्स ने एक महिला मरीज, उसके पति समेत अन्य लोगों पर अभद्रता, धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में स्टाफ नर्स ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
स्टाफ नर्स का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान अंगूठी चोरी होने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कार्रवाई की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार किया और धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने संबंधित लोगों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



