*संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका*
कौशाम्बी
*संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका*
कौशाम्बी। चरवा थाना क्षेत्र के पकसराई गांव निवासी 23 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को संदीपन घाट थाना क्षेत्र के जीवनगंज मरधरा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रामू पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामू दिल्ली में वाहन चलाने का काम करते थे। बताया गया कि 23 सितंबर को कंपनी से निकलने के बाद वह लापता हो गए थे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को उनका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



