*प्रयागराज: एमआरएफ टायर शोरूम पर दबंगों का हमला, जातिसूचक गालियां, मारपीट और लूट का आरोप*
प्रयागराज
*प्रयागराज: एमआरएफ टायर शोरूम पर दबंगों का हमला, जातिसूचक गालियां, मारपीट और लूट का आरोप*


प्रयागराज। जनपद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत स्पीड चौराहा स्थित एक एमआरएफ टायर शोरूम पर दबंगों द्वारा हमला, कर्मचारियों के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग, बंधक बनाकर लूटपाट और अवैध वसूली किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित शोरूम संचालक ने थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित राहुल गुप्ता पुत्र कन्हैया लाल गुप्ता, निवासी झलवा, प्रयागराज के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सुशील कुमार पांडे अपने एक साथी के साथ शोरूम पर आया और बिना किसी कारण कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने कर्मचारी को बाल पकड़कर शोरूम के अंदर घसीटा और टायर व पैसे की मांग करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
इसके बाद 4 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे सुशील कुमार पांडे, राहुल मिश्रा, आलोक मिश्रा सहित करीब 25 अज्ञात लोग एकजुट होकर गिरोह के रूप में शोरूम पहुंचे। आरोप है कि सभी ने जबरन शोरूम में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने शोरूम के मैनेजर को ऊपर ले जाकर बंधक बना लिया और उसकी जान को खतरा बताते हुए जबरन टायर गाड़ियों में लदवाए। इतना ही नहीं, मैनेजर के मोबाइल से शोरूम मालिक को कॉल कर गालियां दी गईं और टायर, नकदी व तथाकथित चुनावी खर्च वसूलने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे पीड़ित के भाई के साथ भी मारपीट की गई। बाद में स्वयं शोरूम संचालक के साथ भी मारपीट कर उसे बंधक बनाया गया और लगातार गाली-गलौज करते हुए नकदी व माफी की मांग की गई। किसी तरह बीच-बचाव के बाद उनकी जान बच पाई।
आरोप है कि जाते-जाते दबंग शोरूम से करीब 70 हजार रुपये नकद, टूल्स, रिंच-पाना सहित अन्य सामान जबरन लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना सिविल लाइंस में तहरीर देकर सभी नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, मारपीट, बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी और लूट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।