*कौशाम्बी: पूर्व ग्राम प्रधान हत्याकांड में परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पांडे को प्रशासन ने किया हाउस अरेस्ट*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी: पूर्व ग्राम प्रधान हत्याकांड में परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पांडे को प्रशासन ने किया हाउस अरेस्ट*
कौशाम्बी जनपद में पूर्व ग्राम प्रधान आलमचंद उर्फ मनोज कुमार हेला की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के परिजनों से मुलाकात करने के लिए रवाना हो रहा था, तभी प्रशासन ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पांडे को हाउस अरेस्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूर्व ग्राम प्रधान आलमचंद उर्फ मनोज कुमार हेला को कुछ दिन पहले बदमाशों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने और उन्हें सांत्वना देने के लिए जाने वाला था। इसी दौरान प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पांडे को उनके आवास पर ही रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध जताया है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं। घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

