*कौशांबी: दहेज की मांग से आहत युवती ने जहर खाकर दी जान, 10 फरवरी को आनी थी बारात*
कौशाम्बी
*कौशांबी: दहेज की मांग से आहत युवती ने जहर खाकर दी जान, 10 फरवरी को आनी थी बारात*

कौशांबी। सराय अकिल थाना क्षेत्र के जवाहरगंज गांव में दहेज की मांग और शादी टूटने से आहत एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी 2026, मंगलवार को युवती की बारात आनी थी, लेकिन दहेज को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण शादी टूट गई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी तय होने के बाद अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ दिया गया, जिससे युवती मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। इसी तनाव में उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है। दहेज प्रथा के कारण एक और बेटी की असमय मौत ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।