*कौशाम्बी किसानों ने बढ़ती लागत और MSP पर कानून की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी किसानों ने बढ़ती लागत और MSP पर कानून की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन*
मंझनपुर (कौशाम्बी)। मुख्यालय मंझनपुर स्थित डायट मैदान में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के बैनर तले धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय ने की।
धरने में पहुंचे दर्जनों किसानों ने खेती की बढ़ती लागत, डीजल, खाद और बीज के दामों में लगातार हो रही वृद्धि तथा फसलों का उचित मूल्य न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि बढ़ती महंगाई और लागत के कारण खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के उपरांत किसानों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम आकाश सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में किसानों की कर्जमाफी, एमएसपी को कानूनी दर्जा, 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों को ₹5000 मासिक पेंशन, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को निःशुल्क किए जाने सहित अन्य मुद्दे शामिल रहे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान शिवशंकर पांडेय, राम प्रकाश पाठक, राजकुमार राजपूत, यशवंत सिंह, सुमन देवी, अश्वनी कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।