*कौशाम्बी में दंपति से लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; जेवर, नकदी व असलहा बरामद*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी में दंपति से लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; जेवर, नकदी व असलहा बरामद
*
कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी में दंपति से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर, मोबाइल फोन, नकदी, घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी को शादी समारोह से लौट रहे दंपति को सीरियांवा चौराहे के पास बदमाशों ने निशाना बनाया था। सुनसान स्थान का फायदा उठाकर आरोपियों ने दंपति को रोककर उनके पास मौजूद कीमती जेवर, मोबाइल और नगदी लूट ली थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई थी। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।