*बाढ़ व अतिवृष्टि से निपटने की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी ने की समीक्षा*
उत्तर प्रदेश
*बाढ़ व अतिवृष्टि से निपटने की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी ने की समीक्षा*
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में संभावित बाढ़ एवं अतिवृष्टि से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा हेतु लखनऊ में एक विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर और समयबद्ध तैयारी ही प्रभावी आपदा प्रबंधन की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने सभी तटबंधों, ड्रेनों तथा बाढ़ से संवेदनशील स्थलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रमुख तटबंधों और बैराजों पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने ड्रोन मैपिंग, वाटर लेवल सेंसर के उपयोग और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नदी की मुख्य धारा में सिल्ट की अधिकता के कारण नदी उथली हो गई है, वहां ड्रेजिंग को प्राथमिकता दी जाए और नदी का समुचित चैनलाइजेशन किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ड्रेजिंग से समाधान संभव न होने की स्थिति में ही तटबंध निर्माण या कटान निरोधक अन्य उपाय अपनाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण हों और मानसून से पूर्व हर स्तर पर तैयारियों की प्रभावी समीक्षा की जाए, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।