*धमसेड़ा मार्ग पर हादसा: गड्ढों में तब्दील सड़क बनी जानलेवा, तालाब में पलटा ई-रिक्शा, ग्रामीणों ने बचाई सवारियों की जान*
कौशांम्बी
*धमसेड़ा मार्ग पर हादसा: गड्ढों में तब्दील सड़क बनी जानलेवा, तालाब में पलटा ई-रिक्शा, ग्रामीणों ने बचाई सवारियों की जान*

कौशांबी। चायल तहसील क्षेत्र के समसपुर मिश्रा चौराहे से धमसेड़ा मार्ग पर सड़क की बदहाली एक बार फिर बड़ी दुर्घटना का कारण बन गई। यात्रियों से भरा एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गड्ढों की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गया और पास के तालाब में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत तालाब में छलांग लगा दी और रिक्शे में फंसी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समसपुर मिश्रा चौराहा से धमसेड़ा मार्ग पिछले लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन वाहन फंसते या पलटते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।