*सैनी पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई: 45 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी कार बरामद*
कौशांम्बी
*सैनी पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई: 45 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी कार बरामद*
कौशाम्बी। सैनी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट की है। टीम ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 45 किलो अवैध गांजा और एक लग्जरी कार बरामद की है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 9 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर छत्तीसगढ़ और ओडिशा से गांजा लाकर कौशाम्बी समेत आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर सैनी पुलिस और एसओजी टीम ने रामपुर धमावा के पास हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया।
जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस को पीछे की सीट और डिक्की में साड़ी और बच्चों के कपड़ों के पैकेटों के नीचे छिपा गांजा मिला। कुल 45 किलो गांजा प्लास्टिक पैकिंग में बरामद हुआ। मौके पर ही तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुला नेटवर्क का राज
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये तस्कर छत्तीसगढ़-ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में छोटे-छोटे पैकेटों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब उनके अन्य साथियों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस का बयान
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।