*योगी सरकार के आदेशों के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रक, असोथर में छह घंटे तक भीषण जाम*
फतेहपुर।
*योगी सरकार के आदेशों के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रक, असोथर में छह घंटे तक भीषण जाम*
दो किमी लंबी वाहन कतार में फंसी एंबुलेंस और स्कूली बसें, ग्रामीणों में आक्रोश
फतेहपुर।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बावजूद प्रदेश में ओवरलोड वाहनों पर रोक लगने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को फतेहपुर जनपद के असोथर थाना क्षेत्र के सराय खालिस गांव के पास ओवरलोड मोरंग लदे ट्रकों के फंसने से दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे स्कूली बसें, एंबुलेंस और राहगीर घंटों तक परेशान रहे।
सुबह बांदा से मोरंग लेकर आ रहा एक ट्रक सड़क पर धंस गया, जिसके बाद पीछे से आ रहे सैकड़ों ट्रक वहीं फंस गए। करीब पांच से छह घंटे तक असोथर-थरियांव मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। सराय खालिस से लेकर असोथर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण स्कूली बच्चों को बसों में ही भूखे-प्यासे इंतजार करना पड़ा और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कत हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। प्रभारी ने बताया कि ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है, जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में नाराजगी, बोले— प्रशासन नहीं सुनता शिकायतें
ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड ट्रक अक्सर कस्बे के बीचोंबीच से गुजरते हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो गई हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीण राम भरोसे ने कहा, “हम कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन कार्रवाई नहीं करता। ओवरलोड ट्रक पलट जाते हैं, टकराते हैं और लोगों की जान खतरे में डालते हैं।”
मोरंग माफियाओं का आतंक बरकरार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ महीने पहले ही प्रदेश के सभी जिलों में ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे और परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाने को कहा था। इसके बावजूद असोथर और आसपास के क्षेत्रों में मोरंग माफियाओं का दबदबा कायम है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड ट्रकों का रूट असोथर कस्बे के अंदर से बंद किया जाए, ताकि आम जनता, स्कूली बच्चों और मरीजों को इस दुश्वारी से राहत मिल सके।