*कौशाम्बी में बाल श्रम का वीडियो वायरल, डीएम ने लिया संज्ञान*
कौशाम्बी, करारी थाना क्षेत्र
*कौशाम्बी में बाल श्रम का वीडियो वायरल, डीएम ने लिया संज्ञान*
*कौशाम्बी, करारी थाना क्षेत्र*


जनपद कौशाम्बी के करारी थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव में बाल श्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक नाबालिग से पाइप लाइन बिछाने के कार्य में मजदूरी कराई जाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्य केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत कराया जा रहा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान नाबालिग बच्चे से श्रम कराया जा रहा था, जिसका वीडियो बनाकर किसी स्थानीय व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच में बाल श्रम की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागीय अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने यह भी कहा है कि शासन की किसी भी योजना में बाल श्रम को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।