कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की
कौशांबी:
कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की
कौशांबी: 

सांसद पुष्पेंद्र सरोज की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया।
सांसद ने पेंशन योजना के तहत कहा कि कैंप आयोजित कर सभी पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जाए और जनता में जागरूकता बढ़ाई जाए। उन्होंने आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि आवास का लाभ दिलाने के नाम पर किसी से कोई पैसा न लिया जाए।
सांसद ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), स्टार्ट-अप विलेज, खेत-तालाब योजना और जलाशयों/तालाबों के पुनरुद्धार सहित अन्य ग्रामीण विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त डी.ए.पी. खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और ओवररेटिंग पर विशेष ध्यान रखा जाए।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सांसद ने कहा कि प्रतिभावान छात्राओं को टैबलेट/लैपटॉप आदि देकर प्रोत्साहित किया जाए। आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंप आयोजित कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएँ। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सभी पात्र लोगों को व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध कराया जाए और जनता को जागरूक किया जाए।
सांसद ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने में टूटी सड़कों की मरम्मत, पीने के पानी और बिजली की अनुपलब्धता वाले विद्यालयों की पहचान और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेन्द्र फौजी, नगर पंचायत सिराथू अध्यक्ष भोला यादव, नगर पंचायत दारानगर अध्यक्ष रागिनी केसरवानी, नगर पंचायत अजुहा अध्यक्ष शांति देवी कुशवाहा, अन्य नामित सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम-कुसुम योजना, अटल पेंशन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, समग्र शिक्षा, नमामि गंगे, बाल संरक्षण और सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने बैठक के अंत में अधिकारियों को सभी योजनाओं के सुचारू और पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।