*असोथर थाना पुलिस की कार्रवाई: मारपीट मामले में दो अभियुक्त एसडीएम न्यायालय भेजे गए*
फतेहपुर
*असोथर थाना पुलिस की कार्रवाई: मारपीट मामले में दो अभियुक्त एसडीएम न्यायालय भेजे गए*
फतेहपुर

कस्बा क्षेत्र के मुराइन मोहल्ला में ट्रक चालकों और एक ग्रामीण के बीच हुई मारपीट के वायरल वीडियो मामले में असोथर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को मुराइन मोहल्ला, कस्बा असोथर में मोरम खदान मार्ग पर ट्रकों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान ग्रामीण धर्मराज पुत्र रामराज पासवान ने ट्रक चालकों से बस्ती के भीतर वाहन धीमी गति से चलाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
हालांकि थाना स्तर पर इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक अंकुश यादव, चौकी प्रभारी जरौली द्वारा जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक कुलदीप विश्वकर्मा (24) पुत्र सूरजपाल, निवासी कबीरपुर चितीसापुर, थाना हुसेनगंज, जनपद फतेहपुर तथा सहायक चालक कुलदीप पटेल (25) पुत्र भोला सिंह पटेल, निवासी हड़िया सलेमाबाद, थाना हुसेनगंज, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126 व 135 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, फतेहपुर में पेश किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य एकत्र कर विधिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस्ती क्षेत्रों में तेज रफ्तार या अव्यवस्थित ढंग से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शांति व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।