*कौशाम्बी में नकली यूरिया केमिकल के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लाखों का माल जब्त*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी में नकली यूरिया केमिकल के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लाखों का माल जब्त*

कौशाम्बी जिले में नकली यूरिया केमिकल के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य का नकली केमिकल बरामद किया है। यह कार्रवाई थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास ईआईपीआर (EIPR) टीम और कोखराज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
संयुक्त अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में नकली यूरिया केमिकल बरामद हुआ। कुल 83 बाल्टियां नकली केमिकल जब्त की गईं, जिनमें 20 लीटर की 58 बाल्टियां और 10 लीटर की 25 बाल्टियां शामिल हैं। बरामद केमिकल की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व ईआईपीआर टीम के अधिकारी पीयूष श्रीवास्तव और देवेंद्र सिंह ने किया, जबकि थाना कोखराज पुलिस की टीम भी अभियान में शामिल रही। अधिकारियों के अनुसार, जिले में नकली केमिकल की आपूर्ति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उक्त नकली केमिकल को औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपयोग के नाम पर बाजार में खपाने की तैयारी थी। ऐसे केमिकल के उपयोग से जनस्वास्थ्य, कृषि और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बरामद केमिकल के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली खाद या केमिकल की बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को अवगत कराएं।