*कौशाम्बी में तेज रफ्तार ओवरलोड बालू ट्रक की टक्कर से कार पलटी, सभी सवार सुरक्षित*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी में तेज रफ्तार ओवरलोड बालू ट्रक की टक्कर से कार पलटी, सभी सवार सुरक्षित*

कौशाम्बी। जनपद के करारी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ओवरलोड बालू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने एक चार पहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार डॉ. अलीम अपने बच्चे के साथ प्रयागराज जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के ओवरलोड होने और तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
यह दुर्घटना करारी थाना क्षेत्र के म्योहर गांव के पास हुई। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।