*कौशाम्बी ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ के तहत डीएम ने रघुनाथपुर में लगाई चौपाल, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश*
रमाशंकर पत्रकार
*कौशाम्बी ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ के तहत डीएम ने रघुनाथपुर में लगाई चौपाल, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश*


कौशाम्बी। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से संचालित अभियान “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के अंतर्गत जिलाधिकारी ने विकास खंड सिराथू के ग्राम रघुनाथपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं से वंचित सभी पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित किया जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ग्राम के सभी हैंडपंपों की क्रियाशीलता सुनिश्चित कराने तथा सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग को गांव के संपर्क मार्ग की मरम्मत कार्य फरवरी माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और प्रशासन गांव स्तर पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है।