*कौशाम्बी में दर्दनाक सड़क हादसा: एम्बुलेंस-कार की टक्कर में शिक्षिका और 8 माह के बेटे की मौत, पति-बेटी गंभीर घायल*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी में दर्दनाक सड़क हादसा: एम्बुलेंस-कार की टक्कर में शिक्षिका और 8 माह के बेटे की मौत, पति-बेटी गंभीर घायल*
कौशाम्बी। महेवाघाट थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सरसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एम्बुलेंस और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक सरकारी शिक्षिका और उनके 8 माह के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा क्षेत्र स्थित जैसवां बिहरिया गांव निवासी सायना फारूखी (38) चित्रकूट जनपद के राजापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। रविवार को विद्यालय संबंधी कार्य पूरा करने के बाद वह अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रही थीं।
कार में उनके पति फैजल (40), बेटी मनाल और 8 माह का बेटा अब्बास भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरसवां स्वास्थ्य केंद्र के पास सामने से आ रही एक एम्बुलेंस ने कथित रूप से रॉन्ग साइड में आकर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में शिक्षिका सायना फारूखी और उनके मासूम बेटे अब्बास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार के एयरबैग खुल जाने से पति फैजल और बेटी मनाल की जान बच गई, लेकिन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस और कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में रॉन्ग साइड ड्राइविंग की बात सामने आई है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतका के परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।पूरी खबर के लिए पेज फॉलो करें और अपनी राय कमेंट में जरूर दें।
खबर पढ़ने के लिए कृपया लिंक पर क्लिक करें।

