*कौशाम्बी जिलाधिकारी द्वारा जल-जीवन मिशन एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा*
कौशाम्बी
*कौशाम्बी जिलाधिकारी द्वारा जल-जीवन मिशन एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा*

कौशाम्बी के जिलाधिकारी ने एन.आई.सी. सभागार में जल-जीवन मिशन, सिंचाई विभाग एवं नलकूप विभाग द्वारा संचालित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) एवं कार्यदायी फर्मों को निर्देशित किया कि ओवरहेड टैंकों के निर्माण, पाइपलाइन बिछाने तथा घरेलू कनेक्शन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को नहरों में टेल तक पानी पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सहायक अभियंता, नलकूप विभाग को यांत्रिक अथवा विद्युत दोष के कारण बंद पड़े नलकूपों को शीघ्र ठीक कराकर उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।